TOC NEWS
नई दिल्ली। रोहिणी जिले के विजय विहार इलाके में सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने चार साल की मासूम बच्ची को अगवा करने का प्रयास किया। जैसे ही बच्ची की मां की नजर आरोपी पर पड़ी, उसने शोर मचा दिया। आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान नरेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की मंशा बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने की थी। लेकिन उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया। नरेश पर पहले भी बच्चियों को अगवा कर उनके साथ दुष्कर्म करने के मामले दर्ज हैं।
एक मामले में उसे तीन साल की सजा भी हुई है, जिसमें फिलहाल वह जमानत पर बाहर आया हुआ है। रोहिणी जिले के डीसीपी एमएन तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह 11.12 बजे विजय विहार इलाके में पीसीआर को कॉल मिली कि एक बदमाश चार साल की मासूम बच्ची को अगवा करने का प्रयास कर रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि वह इलाके में कपड़े प्रेस करने का काम करती है। सोमवार सुबह वह अपने काम में लगी थी। इसी दौरान वहां खेल रही बच्ची को नरेश ने अगवा कर लिया।
उसकी आरोपी पर नजर पड़ी तो उसने शोर मचा दिया। पूछताछ में पता चला कि नरेश शराब तस्करी करता था। उसके खिलाफ शराब तस्करी व दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने समेत कुल चार मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
