आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल भोपाल |
TOC NEWS @ www.tocnews.com
- राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों की चौथी सूची घोषित
- प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल भोपाल की दक्षिण-पश्चिम सीट से होंगे पार्टी के विधानसभा उम्मीदवार
- पांचवी सूची जबलपुर में 18 अगस्त को होगी जारी, अब तक 70 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है पार्टी
भोपाल. आम आदमी पार्टी ने पार्टी के लोकसभा स्तर के पदाधिकारी सम्मेलन के दौरान राज्ससभा सांसद सुशील गुप्ता की मौजूदगी में मानस भवन (पालिटेक्निक चौराहे) में शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की चौथी सूची की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल को पार्टी ने भोपाल की दक्षिण-पश्चिम सीट से उम्मीदवार बनाया है। श्री अग्रवाल समेत चौथी सूची में 9 संभावित प्रत्याशियों के विधानसभा क्षेत्रों को तय किया गया है। इनमें इंजीनियर, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आंदोलनकारी शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी के विधानसभा उम्मीदवारों की पांचवी सूची 18 अगस्त को जबलपुर में घोषित की जाएगी। इससे पहले भोपाल में 26 जून को पहली सूची में 19 उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। इसी तरह दूसरी सूची में ग्वालियर में 6 जुलाई को 20 एवं तीसरी सूची में छतरपुर में 30 जुलाई को 22 उम्मीदवारों की घोषणा हुई थी। पार्टी अब तक कुल 70 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। चौथी सूची के उम्मीदवारों की घोषणा से पहले पार्टी के भोपाल लोकसभा के पदाधिकारियों का सम्मेलन हुआ। इसमें प्रदेश की सभी 230 सीटों पर जनता को मजबूत विकल्प देने का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर पदाधिकारी सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए *राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता* ने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यवस्था की परिवर्तन के लिए चुनाव मैदान में आई है। आम आदमी पार्टी को सत्ता का मोह नहीं है। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, गिरजाघर के भीतर भगवान है या नहीं है, यह नहीं जानता, लेकिन आम इंसान के भीतर जरूर परमात्मा का रूप है। खुद परमात्मा हमारे भीतर वास करता है, तो इस इंसान की सेवा ज्यादा से ज्यादा कर सकें, इसके लिए संसाधन जुटाने होंगे। इसके लिए जरूरी है कि उसके रोजी, रोटी, शिक्षा स्वास्थ्य, बिजली, आदि की व्यवस्था की जाए। आम आदमी पार्टी के प्राथमिक लक्ष्यों में यह शामिल है। हम यह मानते हैं कि जब मानव संसाधन का विकास होगा, तो देश का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा का बजट 24 प्रतिशत है। यह सरकार अगर एक रुपए कमाती है, तो उसमें से 24 पैसे शिक्षा के लिए खर्च करती है। हम चाहते हैं कि यह व्यवस्था देश के हर हिस्से में हो। इसके विपरीत मध्य प्रदेश की बात करें, तो हिंदुस्तान के सभी राज्यों में मध्य प्रदेश 28वें स्थान पर है। शिवराज सरकार ने 25 हजार स्कूल बंद कर दिए। स्कूल, मंदिर, मस्जिद गुरुद्वारे से ज्यादा पवित्र हैं, लेकिन यह सरकार ऐसे पवित्र स्थलों को बंद कर रही है। यह शर्म की बात है कि मध्य प्रदेश में 46 प्रतिशत बच्चे कुपोषित हैं। दिल्ली सरकार स्वास्थ्य पर 12 प्रतिशत खर्च करती है।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए *प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल* ने कहा कि भारत का संविधान आजादी की लड़ाई के सपने को दिखाता है। आज 11 अगस्त है। यह दिन खुदीराम बोस की शहादत का दिन है। आजादी की लड़ाई में कुर्बानी देने वालों ने एक सपना देखा था, जिसमें हर नागरिक को सभी मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। एक ऐसे देश की कल्पना की थी, जिसमें नफरत नहीं होगी। लेकिन आज 40 करोड़ लोगों को दो वक्त का खाना नहीं मिल रहा है। भूख से मौत हो रही है। पीने का पानी नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य शिक्षा की सुविधाएं नहीं हैं। आज धर्म के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है, बांटा जा रहा है। ऐसे में संविधान के सपने को पूरा करने का नाम आम आदमी पार्टी है। उन्होंने कहा है कि धर्म के नाम पर बेवकूफ बनाकर आज राजनीति की रोटियां सेंकी जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अगर हिंदू-मुस्लिम के नाम पर वोट मांगती है, तो कांग्रेस में भी राहुल गांधी मंदिर-मंदिर, मस्जिद-मस्जिद घूमते हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया गले में नींबू-मिर्च की माला पहनते हैं। उन्होंने कहा कि आज ग्रहण है। लोग इसे खराब मानते हैं। अपशगुन मानते हैं। आज जो ग्रहण मध्य प्रदेश में लगा है, वह शिवराज सिंह का ग्रहण है। इससे पहले दिग्विजय सिंह का ग्रहण था। आम आदमी पार्टी इसे खत्म करेगी।
पदाधिकारी सम्मेलन को प्रदेश संगठन मंत्री और भोपाल एवं रीवा जोन के प्रभारी *पंकज सिंह*, प्रत्याशी चयन समिति की प्रभारी *चित्तरूपा पालित*, प्रदेश सचिव *दुष्यंत दांगी*, प्रदेश संगठन सचिव एवं ग्वालियर जोन के प्रभारी *हिमांशु कुलश्रेष्ठ*, उज्जैन जोन के प्रभारी *इंद्र विक्रम सिंह* आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन आप युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष *निशांत गंगवानी* ने किया। इस मौके पर सभी प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, अब तक के घोषित उम्मीदवार, सभी लोकसभा प्रभारी समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे
No comments:
Post a Comment