TOC NEWS @ Nov 03, 2016, 12:53 IST
ओरलैंडो। अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन अमेरिका के राष्ट्रपति पद की चुनावी दौड़ में एकमात्र ऐसी उम्मीदवार हैं जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लोगों के लिए समर्पित किया है।
55 वर्षीय ओबामा ने उत्तर कैरोलीना के रॉली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस मुकाबले में एक ही ऐसा उम्मीदवार है, जिसने अपना पूरा जीवन अमेरिका को और बेहतर बनाने के लिए समर्पित किया है और वह उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन हैं। वह उचित उम्मीदवार हैं। वह सही समय पर सही उम्मीदवार हैं जबकि हिलेरी के प्रतिद्वंद्वी ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्हें अतीत में उनकी स्वयं की पार्टी के नेताओं ने जालसाज कहा है।
ओबामा ने आरोप लगाया कि रिपब्लिकन ने जिस व्यक्ति को उम्मीदवार चुना है, उसी को रिपब्लिकन के कुछ नेताओं ने जालसाज बताते हुए कहा था कि वह कुछ भी नहीं जानते और इस पद के योग्य नहीं हैं। यानि ट्रंप कमांडर इन चीफ बनने के लिए अयोग्य हैं और वह राष्ट्रपति बनने के योग्य नहीं है।
ओबामा ने कहा कि अमेरिका को ऐसे व्यक्ति को राष्ट्रपति नहीं चुनना चाहिए जो यह सुझाव देता है कि अमेरिका को लोगों का उत्पीड़न करना चाहिए या उसे देश से सभी धर्मों को प्रतिबंधित कर देना चाहिए। उन्होंने लोगों से हिलेरी क्लिंटन को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि हिलेरी ने न्याय के लिए कभी लड़ना बंद नहीं किया, उन्होंने समानता के लिए लड़ना बंद नहीं किया। वह हर दिन कड़ी मेहनत करती हैं। पहले वह मेरे खिलाफ चुनाव में खड़ी हुईं और उन्होंने बहुत मेहनत की। इसके बाद उन्होंने मेरे लिए काम किया और कड़ा परिश्रम किया।

No comments:
Post a Comment