TOC NEWS
लखनऊ. यूपी में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर हैं। राजनीतिक दल एक दूसरे को घेरने का कोई भी मौका नहीं चूक रहे हैं। लचर कानून व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में खड़े रहने वाली समाजवादी पार्टी की स्टार प्रचारक व मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल यादव के ‘डर’ वाले बयान को लेकर विपक्षी दल सपा पर खूब निशाना साध रहे हैं। डिंपल के ‘डर’ वाले बयान को सबसे पहले भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भुनाया तो अब इस लड़ाई में बीएसपी भी कूद गई है।
बीएसपी ने भी डिंपल यादव को सुरक्षा देने की बात कही है।
बीएसपी ने सोशल मीडिया में एक पोस्टर जारी किया है जिस पर लिखा है, ‘डिंपल भाभी को सुरक्षा का एहसास कराने को, बहन जी को आने दो।’ साथ ही इस पोस्टर के साथ एक टैग लाइन भी लिखी है। इसमें लिखा है, ‘ना गोली की मार से ना तलवार की धार से, गुंडे डरते हैं तो सिर्फ बहनजी की सरकार से।’ गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या भी सरकार बनने पर डिंपल को पुख्ता सुरक्षा उपलब्ध कराने के बहाने अखिलेश सरकार पर तंज कस चुके हैं।
दरअसल 20 फरवरी को डिंपल यादव इलाहाबाद में सपा की रैली को संबोधित कर रही थीं, तभी कुछ सपा कार्यकर्ता डिंपल के मंच के बिल्कुल करीब आ गए। कार्यकर्ता डिंपल की स्पीच के बीच में नारे लगा रहे थे और उनकी फोटो खींच रहे थे। इस बात पर डिंपल यादव ने कहा कि आप चिल्लाते हो, मुझे डर लगता है। शांत हो जाइए। लेकिन जब इतने पर भी कार्यकर्ता नहीं माने तो डिंपल ने कहा कि कल अखिलेश भइया आएंगे, तो मैं उनसे शिकायत करूंगी। इस पर एक लडक़ा ज्यादा हंगामा करने लगा। फिर डिंपल को कहना पड़ा कि मैं तुम्हारा ही नाम सबसे पहले बताऊंगी।
स्मृति ने कानून व्यवस्था पर ली थी अखिलेश सरकार की चुटकी
डिंपल यादव के ‘डर’ वाले बयान को सबसे पहले भुनाते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ने इलाहाबाद की एक जनसभा में कहा कि सपा सरकार के राज में जब सीएम की पत्नी डर जाती हैं तो आम महिलाओं का क्या बता करें। उन पर क्या-क्या बीतती होगी ये उनसे बेहतर कोई नहीं बता सकता। बता दें, उनके इस बयान के बाद से ही बीजेपी के नेता अखिलेश सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरने में लगे हैं। उसके बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 22 फरवरी को वाराणसी में एक जनसभा के दौरान डिंपल की जनसभा का जिक्र करते हुए कहा, ‘जब सीएम की पत्नी सपा के लोगों से इस कदर परेशान हो जाती हैं तो एक आम महिला को तो पता नहीं कितना कुछ सहना पड़ता होगा।’
ईरानी ने अपने भाषण में डिंपल के बयान को आधार बनाकर ये बताने की कोशिश की थी कि अखिलेश सरकार में महिलाएं असुरक्षित हैं। वहीं दूसरे ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि सरकार बनने पर देंगे डिंपल को सुरक्षा। उन्होंने कहा था कि अगर यूपी में बीजेपी की सरकार आई तो डिम्पल यादव की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, तब उन्हें किसी तरह के डर का सामना नहीं करना पड़ेगा।

No comments:
Post a Comment