
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और सासंद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को जबलपुर के पनागर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सत्ता का विकेंद्रीकरण करते हुए पंचायती राज की स्थापना की थी, इसके ठीक उलट शिवराज सिंह ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का विकेंद्रीकरण कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार में ना सिर्फ भ्रष्टाचार का विकेंद्रीकरण हुआ है, बल्कि भ्रष्टाचार के ठेके भी दे दिए गए हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया, "बीते 14 साल में शिवराज सिंह ने खुद को तो मालामाल कर लिया, मगर जनता को बेहाल कर दिया है। इस सरकार को सबसे ज्यादा रेत से प्यार है। यही वजह है कि इन्होंने प्रदेश की सारी नदियों को खोदकर रख दिया है।" राज्य के जानलेवा व्यापमं घोटाले की चर्चा करते हुए सिंधिया ने कहा कि व्यापमं के असली दोषी मौज कर रहे हैं और निर्दोष लोग जेलों में हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। लायक बच्चा नौकरी न मिलने से परेशान है और अमीर बाप का नालायक बच्चा नौकरी पा रहा है। राज्य में लगातार घोटाले हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने प्रदेश की मंडियों में अनाज तुलाई के नाम पर किसानों से लूट किये जाने का आरोप लगाया और कहा, "इस समय राज्य का हर वर्ग परेशान है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। मगर बयानवीर मुख्यमंत्री को तो भ्रष्टाचार के लिए बदनाम अपना राज्य अमेरिका नजर आता है।"
कांग्रेस सांसद ने इससे पहले ,आदिवासियों के बीच आयोजित जनसभाओं में राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "शिवराज सरकार आदिवासियों को जूते-चप्पल के जरिये गंभीर बीमारी उपहार में दे रही है।" सिंधिया ने कहा कि राज्य सरकार का नेतृत्व करने वाला ही बहरूपिया है। उन्होंने कहा कि कोलारस और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में आदिवासी महिलाओं को एक-एक हजार रुपये मासिक देने का ऐलान किया गया था, मगर उसके बावजूद वहां से कांग्रेस के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। क्योंकि आदिवासी समुदाय स्वाभिमानी और आत्मसम्मान वाला है। उसे खरीदा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो वह अर्जी के आधार पर नहीं, बल्कि जनता की मर्जी से काम करेगी। आदिवासियों की जिंदगी में कांग्रेस ने सदा बदलाव लाया है, यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
No comments:
Post a Comment