TOC NEWS @ Nov 03, 2016,
नई दिल्ली। कथित तौर पर वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे पर दिल्ली में पूर्व सैनिक रामकिशन द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद से राजनीति बढ़ती जा रही है। गुरुवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को फिर से हिरासत में ले लिया गया था।
उसी दौरान पुलिस ने उन्हें दो घंटे से ज्यादा अपने पास रखा। इस बीच कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया। पूर्व मंत्री जितेन्द्र सिंह ने यहां तक आरोप लगा दिए कि राहुल गांधी का अपहरण हो गया है। उसके बाद कांग्रेसियों ने थाने में इसकी शिकायत की।
हौजखास थाने में शिकायत लेकर कांग्रेसी जम गए। हालांकि कुछ देर बाद ही राहुल गांधी को हिरासत से छोड़ दिया गया। आपको बता दें कि राहुल गांधी शाम को रामकिशन के मुद्दे पर कैंडल मार्च में हिस्सा लेने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार सुरक्षा कारणों से उन्होंने राहुल गांधी को वहां पर जाने की इजाजत नहीं दी।
पुलिस सुरक्षा कारणों की वजह से राहुल गांधी को जंतर-मंतर से हटाकर ले गई। राहुल गांधी के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया और जगदीश टाइटलर समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद थे।
राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प भी हो गई थी। बुधवार को भी दो बार राहुल गांधी को हिरासत में लिया गया था। पुलिस अबतक तीन बार राहुल को हिरासत में ले चुकी है। राहुल ने इस दौरान सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
राहुल ने कहा कि पुलिसवालों ने पूर्व सैनिक के परिवार के साथ बहुत बुरा सलूक किया। राहुल ने कहा कि पूर्व सैनिक के परिवार के साथ ऐसा सलूक से सीमा पर तैनात सैनिकों के हौसले पर असर पड़ता है। राहुल ने कहा उन्हें हिरासत में रहने से कोई दिक्कत नहीं है।

No comments:
Post a Comment