TOC NEWS
मुजफ्फरनगर। दहेज दानवों ने तीन माह पूर्व दुल्हन के जोड़े में सजने वाली एक नवविवाहिता की मारपीट करते हुए छत से फेंककर हत्या कर दी। दहेज की मांग पूरी न होने पर नई-नवेली दुल्हन की हत्या करने के आरोपी ससुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जबकि बाकी आरोपी ससुराल वाले फरार चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सोंटा निवासी जयविंदर राठी ने अपनी पुत्री कोमल की शादी बड़े धूमधाम से तीन माह पूर्व 25 नवंबर 2016 को नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला लालबाग निवासी सुधीर पुत्र राजकुमार के साथ की थी।
जयविंदर राठी ने अपनी पुत्री की शादी में क्षमता से अधिक दान-दहेज दिया था, लेकिन उसके ससुरालिये दहेज से संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कोमल से की जाती रही, जिसके बारे में कोमल ने कई बार अपने परिजनों को बताया, लेकिन शादी में ही क्षमता से अधिक खर्चा करने के कारण उसके परिजन अतिरिक्त दहेज देने की स्थिति में नहीं थे। आरोप है कि कोमल की सास ने दो दिन पूर्व दो लाख रुपए लाने का दबाव उस पर बनाया था। इस सम्बंध में कोमल के भाई मनीष ने बताया कि दो दिन पहले रात को उसकी बहन का फोन उनके पास आया, जिसमें दो लाख रुपए देने के लिए ससुरालियों द्वारा दबाव बनाने की बात कही गई।
विगत 4 फरवरी की रात में 9 बजे कोमल ने अपने परिजनों को फिर फोन किया और उन्हें बताया कि उसके सारे ससुरालिए मिलकर उसे मारने का प्लान बना रहे हैं, जिस पर कोमल के परिजनों ने उसके सास से बात की और सुबह आने की बात कही। कुछ देर बाद ही कोमल की सास ने उसके परिजनों को गांव सोंटा में फोन किया कि कोमल के सिर में चोट लग गई है, जिस पर उसके परिजन तत्काल शहर आए और कोमल को एक चिकित्सक यहां ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इसके बाद मृतका कोमल के भाई मनीष पुत्र जयविंदर राठी ने पुलिस को फोन किया, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका कोमल के ससुर राजकुमार को हिरासत में ले लिया, जबकि बाकी ससुरालिए फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस सम्बंध में मृतका कोमल के भाई मनीष ने नई मंडी कोतवाली में कोमल के पति सुधीर, ससुर राजकुमार व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है।

No comments:
Post a Comment