बरेली। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर और बरेली में जनसभा को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने स्नातक चुनाव में भाजपा की जीत को विधानसभा में जीत का संकेत बताते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा सत्ता में आएगी। इस दौरान उन्होंने सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला और बिना नाम लिए आजम को बेशर्म मंत्री कह डाला। योगी आदित्यनाथ ने कहा, कि 28-29 जनवरी से चुनाव प्रचार में लगा हूं। जहां भी जाता हूं उत्साह दिखता है। ये परिवर्तन की ओर इशारा कर रहा है। चुनाव प्रचार से ये पता चल रहा है कि भाजपा ने सपा-बसपा के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
TOC NEWS
योगी ने कहा कि काशीराम ने अपनी पूरी जिंदगी गरीबों और दलितों की आवाज बुलंद करने में लगा दी और अब उनकी आवाज कौन दबा रहा है यह किसी से छुपा नहीं है। मायावती ने लूट हत्या करने वालों को टिकट देकर बता दिया कि कौन कितनी साफ छवि का है। सपा और बसपा, दोनों ही पार्टियों ने अपने घोषणा पत्र में विकास का जिक्र नहीं किया है। बहन जी का अपना ही विकास हो जाए यही बहुत है। जनता का क्या विकास करेगी। सपा-बसपा ने गरीब किसानों को बदहाल किया है जो आत्महत्याएं तक करने पर मजबूर हो गए। सपा-बसपा ने अगर महिलाओं को गंभीरता से लिया होता तो आज प्रदेश में दंगे नहीं होते। दंगे की शुरुआत छेडख़ानी से होती है। दंगे में सिर्फ गरीब मारा गया।
भाजपा सांसद ने कहा कि इन दोनों पार्टियों के राज में प्रदेश का भला नहीं होगा। इसलिए इन्हें सरकार में आने का हक़ नहीं। बिना नाम लिए उन्होंने काबीना मंत्री आज़म खान पर निशाना साधते हुए कहा कि वो बेशर्म मंत्री अपने रिश्तेदारों को प्रदेश में सफाई के ठेके देते हैं जिसके कारण प्रदेश में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा बूचडख़ाने चलाने वालों को टिकट देती है।
योगी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आजम खान का नाम लिए बगैर कहा कि ‘रामपुर का एक बदतमीज मंत्री प्रदेश में सफाई का ठेका लेता है, फिर भी हर तरफ गंदगी है। आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आने पर प्रदेश में शिक्षा की उचित व्यवस्था की जाएगी। पुलिस भर्तियां बिना भेदभाव की जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सपा के गुंडों को भाजपा ठिकाने लगाएगी।
योगी आदित्यनाथ की जनसभा में मंच पर केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिनमयांननद आदि मौजूद थे। खास बात ये रही की इस जनसभा में साधु-संतों की भरमार रही।

No comments:
Post a Comment