TOC NEWS
पटनाः आरजेडी के साथ चुनावी तालमेल से आम आदमी पार्टी (आप) के इन्कार के बावजूद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ महागठबंधन के लिये पहल कर रहे हैं. लालू यादव ने कहा है कि भाजपा को हराने के लिये वह दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को भी कांग्रेस के करीब लाने की कोशिश करेंगे. लोकसभा चुनाव में मायावती, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, केजरीवाल सब मिलकर नेता तय करेंगे.
राहुल की ताजपोशी से कांग्रेस होगी सशक्त
सोनिया गांधी के करीबी माने जाने वाले लालू को कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की ताजपोशी से कोई एतराज नहीं है. उन्होंने कहा है कि वह जैसे सोनिया को मानते हैं.
अब उसी तरह राहुल को भी सम्मान देंगे. लालू यादव ने दावा किया है कि राहुल के नेतृत्व में गुजरात में कांग्रेस की जीत पक्की है. कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पुरानी हैसियत को प्राप्त कर सकेगी. अध्यक्ष बनने के बाद राहुल और परिपक्व हो जायेंगे. नेहरू-गांधी खानदान का इतिहास बलिदान का रहा है. राहुल के नेतृत्व पर किसी को आपत्ति नहीं होगी.
कोर्ट का फैसला होगा सबको मान्य
राम मंदिर के मुद्दे पर आरजेडी प्रमुख ने कहा है कि भाजपा के लोग भगवान राम को भी राजनीति में लाकर बदनाम कर रहे हैं. योगी और सुब्रमण्यम स्वामी देश को गलत दिशा में ले जाना चाहते हैं. लालू यादव ने कहा है कि राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला होगा वह सबको मान्य होगा. मुस्लिम समाज भी इसके लिए तैयार है.
मानसिक रूप से बीमार है अय्यर
लालू ने ट्वीट कर कहा है कि मणिशंकर अय्यर मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के विवादित बयान के बाद सियासी हंगामे के बीच राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने अय्यर को मानसिक रूप से बीमार बताया है. गुरुवार को लालू ने ट्वीट करके अय्यर को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया. हालांकि, इसके पहले के ट्वीट में लालू ने खुद भी प्रधानमंत्री पर हमला बोला था.

No comments:
Post a Comment