TOC NEWS
भोपाल | 14-फरवरी-2017. राजस्व अधिकारी नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें। राजस्व अधिकारी सकारात्मक सोच के साथ लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री निशांत वरबड़े ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी सप्ताह में कम से कम तीन दिन राजस्व न्यायालयों में बैठकर प्रकरणों की सुनवाई करें तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाएं। उन्होंने अधिकारियों को उनके क्षेत्र में लंबित राजस्व वसूली में भी गति लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री जी.पी.माली, श्री रत्नाकर झा एवं श्रीमती दिशा प्रणय नागवंशी सहित जिले के सभी एस डी.एम., तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री वरबड़े ने कहा कि राजस्व वसूली व आवेदनों के निराकरण में सराहनीय कार्य करने वाले पटवारी, राजस्व निरीक्षक व तहसीलदारों को सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने बैठक में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन व बटांकन के लंबित प्रकरण एवं उनके निराकरण की राजस्व अधिकारीवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी तहसीलदारों एवं राजस्व निरीक्षकों को मशीन से सर्वे करने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अगली बैठक में इस मशीन के संचालन के बारे में अधिकारियों से पूछताछ की जायेगी। कलेक्टर श्री वरबड़े ने बैठक में कहा कि अक्सर यह देखा गया है कि पटवारी अपने स्थानांतरण के समय पूरा रिकार्ड जमा नहीं कराते जिससे वहां पदस्थ होने वाले नए पटवारी को परेशानी आती है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि पटवारी अपने हल्के का चार्ज देते समय पूरा राजस्व रिकार्ड जमा करें।

No comments:
Post a Comment