TOC NEWS
पटना। बिहार में हुए मिट्टी घोटाले के मामले में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित उनके पूरे परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बीजेपी ने लालू के बेटे तेजप्रताप पर मिट्टी घोटाले का आरोप लगाया तो नीतीश सरकार ने अब जांच के आदेश दे दिए हैं।
लालू के मंत्री बेटे तेजप्रताप यादव पर आरोप है कि उन्होंने अपने मालिकाना हक की जमीन से 90 लाख रुपए की मिट्टी वन विभाग को बेच दी। जबकि इसकी जरूरत वन विभाग को थी ही नहीं। बिहार के चीफ सेक्रेटरी ने गुरुवार को आदेश जारी कर 7 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
क्या है मामाला?
बिहार विधान परिषद में विपक्षी नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया है कि आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के दोनों मंत्री बेटे तेजप्रताप यादव, तेजस्वी यादव और उनकी पुत्री चंदा यादव जिस निजी कंपनी के निदेशक हैं उसी कंपनी की जमीन पर बिहार का सबसे बड़ा शॉपिंग मॉल बनाया जा रहा है, जिसके बेसमेंट से निकाली गई मिट्टी को बड़े पुत्र तेज प्रताप के पर्यावरण एवं वन विभाग के अधीन पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान को 90 लाख रुपए में बगैर टेंडर के ही बेच दिया। इस घोटाले का पूरा लाभ लालू प्रसाद के परिवार को मिला। गौरतलब है इस विभाग के मंत्री लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव हैं।

No comments:
Post a Comment