जल एवं पर्यावरण संरक्षण, नारी सम्मान व नशा मुक्ति के प्रति लोगों को किया जागरूक
TOC NEWS
नरसिंहपुर, 10 अप्रैल 2017. जीवनदायिनी मां नर्मदा का संरक्षण एवं संवर्धन करने और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए चलाई जा रही नमामि देवी नर्मदे- नर्मदा सेवा यात्रा लोगों को सामाजिक सरोकार से जोड़ रही है। यात्रा के माध्यम से लोगों को जल के संरक्षण व संवर्धन करने, नदियों को स्वच्छ बनाये रखने, नारी सम्मान और समाज को नशे के दुष्परिणाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नरसिंहपुर जिले में उत्तर तट की नर्मदा सेवा यात्रा ने रायसेन जिले से 5 अप्रैल को प्रवेश किया था। उत्तर तट के विभिन्न गांवों की 5 दिन की यात्रा के बाद छटवें दिन सोमवार 10 अप्रैल को जबलपुर जिले के लिए रवाना हो गई। यात्रा के दौरान नर्मदा किनारे के विभिन्न ग्रामों व कस्बों में नर्मदा के संरक्षण- संवर्धन का संदेश दिया गया। आज 10 अप्रैल को यात्रा जिले के नरसिंहपुर विकासखंड के ग्राम हीरापुर- नीमखेड़ा से होते हुये जबलपुर जिले की जनपद पंचायत शहपुरा के ग्राम मेरेगांव पहुंची।
यात्रा के नरसिंहपुर जिले से जबलपुर में प्रवेश करने पर चिकित्सा शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री शरद जैन, विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अगवानी की। नरसिंहपुर जिले के अंतिम पड़ाव से विधायक नरसिंहपुर श्री जालम सिंह पटैल ने नर्मदा सेवा यात्रा का ध्वज जबलपुर जिले के लिए राज्य मंत्री श्री शरद जैन को हिरन नदी के पुल के समीप मेरेगांव में सौंपा। यात्रा का कलश विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह ने प्राप्त किया। विधायक श्री जालम सिंह पटैल मेरेगांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुये।
इस अवसर पर साधु- संत, साध्वी प्रज्ञा भारती, महंत श्री बालक दास जी महाराज, कलेक्टर नरसिंहपुर डॉ. आरआर भोंसले, कलेक्टर जबलपुर श्री महेशचंद्र चौधरी, ठा. राजीव सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।

No comments:
Post a Comment